जेलपारा में लगेगा सेवा सेतु शिविर, योजनाओं का मिलेगा लाभ…

सारंगढ़। प्रदेशभर में संचालित सेवा ही संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगरीय निकायों सहित ग्राम पंचायतों में भी सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा स्थानीय समस्याओं के निराकरण की पहल की जा रही है।
इसी कड़ी में सारंगढ़ नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 स्थित जेलपारा में सेवा ही संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। इसमें वार्डवासी पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं भी रख सकेंगे।
नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सूरज सिदार ने वार्डवासियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा वार्ड की समस्याओं को शिविर के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आग्रह किया है।
सेवा सेतु शिविर की जानकारी नगर पालिका परिषद के योजना प्रभारी रोशन यादव ने दी। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को स्थानीय स्तर पर शासकीय सेवाओं से जोड़ना और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करना है।