सारंगढ़

रंगों में देशभक्ति, ट्विंकल ने जीता प्रथम स्थान…

सारंगढ़। अशोक पब्लिक स्कूल में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में छात्रा ट्विंकल चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। ट्विंकल ने अपनी कलाकृति के माध्यम से कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशभक्ति की भावना को रंगों के जरिए बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में ट्विंकल की रचनात्मक सोच, कलात्मक प्रतिभा और विषय की प्रभावी प्रस्तुति ने निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया। उनकी पेंटिंग में देश के वीर जवानों के साहस, शौर्य और बलिदान को खूबसूरती से उकेरा गया, जिसकी निर्णायकों ने सराहना की।
ट्विंकल माटी के संदेश के मुख्य कार्यकारी संपादक नरेश चौहान की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें “Excellence, Dedication & Outstanding Achievement” अवार्ड से सम्मानित किया गया।
ट्विंकल पढ़ाई के साथ-साथ कला और खेल के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती रही हैं। कारगिल विजय दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करना उनकी रचनात्मक क्षमता और देशप्रेम की भावना को दर्शाता है।
ट्विंकल की सफलता पर अशोक पब्लिक स्कूल के शिक्षकों, विद्यालय परिवार, परिजनों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Back to top button