छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा…

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को एक युवक नशे की हालत में 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। वह करीब 6 घंटे तक टॉवर पर ही चढ़ा रहा। लोगों ने उसे समझाइश दी लेकिन वह नीचे नहीं उतरा।

जिसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक को टावर से नीचे उतारने की समझाइश देने लगी।

घटना करतला थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, युवक का नाम देव सिंह राठिया है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार, घटना के समय युवक शराब के नशे में था। दोपहर में वह अचानक गांव के पास लगे करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने लगा।

परिवार वाले नीचे से लगाते रहे आवाज

टॉवर पर चढ़ता देख उसकी पत्नी, बच्चे और गांव के लोग नीचे से उसे उतरने के लिए समझाते रहे। वे लगातार आवाज लगाते रहे, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। वह कभी टॉवर के ऊपर जाता तो कभी थोड़ा नीचे आता और फिर ऊपर चढ़ जाता। उससे ऊपर चढ़ने का कारण पूछा गया, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया और टॉवर पर ही बैठा रहा।


पुलिस और तहसीलदार ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर तहसीलदार भी पहुंचे। हाईटेंशन लाइन में हजारों वोल्ट का करंट होने के कारण युवक की जान को खतरा था। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की टीम ने सावधानी से उसे नीचे उतरने के लिए समझाना शुरू किया।

6 घंटे बाद नीचे उतरा

करीब 6 घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार युवक नीचे उतरने को राजी हुआ। जैसे ही वह सुरक्षित नीचे उतरा, वहां मौजूद लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने बताया कि तहसीलदार के साथ मिलकर युवक को काफी देर तक समझाया गया। इसके बाद वह नीचे उतरने को राजी हुआ। युवक शराब के नशे में था। वह टॉवर पर क्यों चढ़ा था उसका कारण पता नहीं लगा।

Back to top button