धार्मिक खबर

Dhanteras And Diwali 2025: ऑफिस में किस समय करें धनतेरस और दिवाली की पूजा? जानें-शुभ मुहूर्त…

हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि के दिन धनतेरस और अमावस्या तिथि के दिन दिवाली मनाई जाती है. कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि बड़ी पावन मानी जाती है, क्योंकि इस तिथि को समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत का कलश लेकर प्रकट हुए थे, इसलिए इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है.

धनतेरस के दिन माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा का भी विधान है. इस दिन सोना-चांदी और नए बर्तनों की खरीदारी की जाती है. इस साल धनतेरस का त्योहार 18 अक्टूबर यानी कल मनाया जाएगा.

धनतेरस के दिन घरों के साथ साथ हर कॉरपोरेट ऑफिस में भी पूजा की जाती है. वहीं दिवाली इस साल 20 अक्टूबर को है. दिवाली की रात विशेष रूप से माता लक्ष्मी और भगवान गणेश को पूजा जाता है. दिवाली पर भी घरों के साथ-साथ हर कॉरपोरेट ऑफिस में माता लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन किया जाता है. मान्यता है कि दिवाली पर पूजा करने से माता लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और धन-वैभव का आशीर्वाद देती हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस साल धनतेरस और दिवाली पर ऑफिस में पूजा किस समय करें.

धनतेरस पूजा शुभ मुहूर्त (Dhanteras 2025 Puja Muhurat)

धनतेरस के दिन संध्या काल में भगवान धन्वंतरि, कुबेर महाराज और माता लक्ष्मी की पूजा करनी चाहिए. इस साल धनतेरस पर पूजा का शुभ मुहूर्त 18 अक्टूबर को शाम 7 बजकर 11 मिनट पर शुरू होगा. पूजा का ये शुभ मुहूर्त रात को 9 बजकर 22 मिनट तक रहेगा. यानी धनतेरस के दिन पूजा के लिए लोगों को करीब 2 घंटे 12 मिनट का समय मिलने वाला है. इस मुहूर्त में घर और ऑफिस दोनों जगह पूजा की जा सकती है.

दिवाली पूजा मुहूर्त (Diwali 2025 Puja Muhurat)

शास्त्रों के अनुसार, अमावस्या तिथि के दिन माता लक्ष्मी का पूजन प्रदोष काल में करना चाहिए. अमावस्या पर प्रदोष काल में लक्ष्मी पूजन श्रेष्ट माना गया है. हिंदू पंचांग के अनुसार, सूर्यास्त के बाद लगभग 2 घंटे का समय प्रदोष काल कहा जाता है. दिवाली के दिन प्रदोष काल का समय 05 बजकर 46 मिनट से शुरू होगा और रात के 08 बजकर 18 मिनट तक रहेगा. दिवाली के दिन लक्ष्मी-गणेश के पूजन का शुभ मुहूर्त शाम को 07 बजकर 08 मिनट पर शुरू होगा. ये मुहूर्त रात को 08 बजकर 18 मिनट तक रहेगा.

Back to top button