14 श्रद्धालु करेंगे अमृतसर-वैष्णो देवी के दर्शन, 2 नवंबर तक आवेदन…

सारंगढ़। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 14 श्रद्धालुओं को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर, वैष्णो माता मंदिर और वाघा बॉर्डर की तीर्थयात्रा पर जाने का अवसर मिलेगा। यह यात्रा 10 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। यात्रा की शुरुआत रायपुर रेलवे स्टेशन से होगी। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों को पात्र यात्रियों की पहचान कर निर्धारित समय-सीमा में सूची भेजने के निर्देश दिए हैं। उप संचालक समाज कल्याण विनय तिवारी ने बताया कि जिले के लिए कुल 15 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें 14 यात्री और एक अनुरक्षक शामिल हैं।
निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जनपद पंचायत बरमकेला से 4, सारंगढ़ से 4 तथा बिलाईगढ़ से 3 यात्रियों का चयन किया जाएगा। वहीं, नगरीय निकायों में नगरपालिका सारंगढ़ और नगर पंचायत सरिया, बरमकेला, बिलाईगढ़, भटगांव, सरसींवा एवं पवनी को मिलाकर कुल 3 यात्रियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
योजना के लिए पात्र वरिष्ठ नागरिकों, विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं सहित अन्य पात्र आवेदकों की पहचान कर उनकी सूची हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी में तैयार करनी होगी। संबंधित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों को यह सूची 2 नवंबर 2026 तक कार्यालय सहायक संचालक, समाज कल्याण विभाग, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जमा करनी होगी। निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर हितग्राहियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
योजना के प्रावधानों के अनुसार कुल हितग्राहियों में 75 प्रतिशत ग्रामीण और 25 प्रतिशत शहरी क्षेत्र के होंगे। वहीं, आर्थिक श्रेणी के आधार पर 80 प्रतिशत हितग्राही बीपीएल, अंत्योदय एवं खाद्यान्न योजना के राशन कार्डधारी होंगे, जबकि 20 प्रतिशत स्थान एपीएल वर्ग के लिए निर्धारित रहेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पैदल चलना पड़ सकता है और नवंबर में ठंड का सामना भी करना पड़ेगा। ऐसे में यात्रियों के स्वास्थ्य, शारीरिक क्षमता और चलने-फिरने की स्थिति को ध्यान में रखकर चयन किया जाएगा। प्रत्येक चयनित यात्री के लिए चिकित्सक द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य पात्र वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य निर्धारित श्रेणियों के लोगों को धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है। ऐसे में इच्छुक पात्र आवेदकों को संबंधित जनपद पंचायत या नगरीय निकाय से संपर्क कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन संबंधी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।