सेवा सेतु पोर्टल से घर बैठे बना जाति प्रमाण पत्र, दफ्तरों के चक्कर से मिली मुक्ति…

सारंगढ़। राज्य शासन की डिजिटल सुशासन की पहल के तहत संचालित सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं को सरल, सुगम और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से अब नागरिक घर बैठे विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। इससे लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और समय की भी बचत हो रही है।
इसी कड़ी में जिले के आवेदक सूरज कुमार बरेठ ने अपनी पुत्री सिमरन बरेठ का जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था। नियमानुसार आवश्यक दस्तावेजों के डिजिटल सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें पुत्री का जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।
सूरज कुमार बरेठ ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए काफी समय लग जाता था और कई बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर भी लगाने पड़ते थे। लेकिन सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन और डिजिटल सत्यापन की सुविधा मिलने से पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान हो गई है।
उन्होंने कहा कि पुत्री का जाति प्रमाण पत्र प्राप्त होने से उसकी पढ़ाई सहित अन्य आवश्यक कार्यों में सुविधा होगी। साथ ही, ऑनलाइन व्यवस्था से समय की बचत हुई है और प्रक्रिया भी अधिक सुविधाजनक बनी है। उन्होंने राज्य शासन की इस पहल को आम नागरिकों के लिए उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।
राज्य शासन का उद्देश्य डिजिटल माध्यमों से शासकीय सेवाओं को आम जनता तक आसानी से पहुंचाना, प्रक्रियाओं को सरल बनाना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सेवा सेतु पोर्टल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे डिजिटल सुशासन को बढ़ावा मिलने के साथ नागरिकों को घर बैठे शासकीय सेवाओं का लाभ लेने में मदद मिल रही है।