सारंगढ़

प्रतापगंज दुर्गा पंडाल में उमड़े कांग्रेसी दिग्गज, महाभंडारे में हजारों ने ग्रहण किया प्रसाद…

सारंगढ़। शहर के हृदय स्थल प्रतापगंज स्थित भव्य दुर्गा पंडाल में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आस्था और सामाजिक सहभागिता का अनूठा नजारा देखने को मिला। प्रतापगंज दुर्गा उत्सव समिति द्वारा आयोजित विशाल भंडारे में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। नेताओं ने मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय, पूर्व विधायक पद्मा घनश्याम मनहर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद्र देवांगन सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ बैठकर महाप्रसाद ग्रहण किया और माता रानी का आशीर्वाद लिया।

प्रतापगंज दुर्गा उत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया गया। आकर्षक साज-सज्जा और मां दुर्गा के मनमोहक स्वरूप ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पंडाल पहुंचे।

विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक प्रसाद वितरण का सिलसिला जारी रहा। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश भी दिया।

Back to top button