जनदर्शन में गूंजी ग्रामीणों की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश…

सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं, मांगें और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में बिलाईगढ़, भटगांव, सरसीवा, सारंगढ़, बरमकेला और सरिया क्षेत्र से आए ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने एक-एक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं का उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आवेदनों के निराकरण में समयबद्धता और गुणवत्ता पर जोर दिया, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि जिले में प्रत्येक मंगलवार को समय-सीमा बैठक के पश्चात जनदर्शन आयोजित किया जाता है। इसके माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।