निजी एंबुलेंस की मनमानी पर लगाम, बिलाईगढ़ में शुरू हुई शासकीय सेवा…

बिलाईगढ़। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों से निजी एंबुलेंस संचालकों द्वारा अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतों पर नियंत्रण लगाने की पहल की गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास एंबुलेंस सेवा के नाम पर मनमानी वसूली की समस्या को देखते हुए मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से शासकीय एंबुलेंस सेवा प्रारंभ की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ के आसपास पूर्व में कुछ निजी एंबुलेंस संचालकों द्वारा आपातकालीन स्थिति में मरीजों एवं उनके परिजनों से अपेक्षाकृत अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें सामने आई थीं। गंभीर बीमारी, दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति में मरीज के परिजन पहले ही मानसिक तनाव और आर्थिक दबाव से गुजर रहे होते हैं। ऐसे समय में एंबुलेंस के नाम पर अत्यधिक शुल्क वसूली उनकी परेशानी को और बढ़ा देती है।
इसी समस्या पर अंकुश लगाने, मरीजों को आर्थिक राहत प्रदान करने तथा परिवहन सुविधा को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ की जीवनदीप समिति के अंतर्गत शासकीय एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को आवश्यकता अनुसार शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों तथा उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक कारणों से किसी मरीज को बेहतर उपचार प्राप्त करने में कठिनाई न हो।
शासकीय एंबुलेंस सेवा शुरू होने से जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही निजी एंबुलेंस संचालकों द्वारा मनमाना शुल्क वसूली की प्रवृत्ति पर भी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य केंद्र की यह पहल आपातकालीन परिवहन व्यवस्था को मरीज-केंद्रित बनाने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर उपचार तक पहुंच दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।